कुशन और सोफा कवर बना रही जय भोले बाबा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं 

WhatsApp Channel Join Now
कुशन और सोफा कवर बना रही जय भोले बाबा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं 


कानपुर, 26 अक्टूबर(हि.स.)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत कानपुर नगर के ग्राम पंचायत गोपालपुर की महिलाएं स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है। जय भोले बाबा महिला स्वयं सहायता समूह की तीन महिलाएं कुशन और सोफा कवर बनाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में जुटी हुई है। यह जानकारी शनिवार को कानपुर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की उपायुक्त सुधा शुक्ला ने दी।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत गोपालपुर में 11 स्वयंसहायता समूह महिलाओं के संचालित हो रहें है। जिनमें से कोई मोमबत्ती, कोई प्रेरणा कैंटीन, कचौड़ी मसाला, व मुगौड़ी, लड्डू गोपाल के कपड़े, सरसो का शुद्ध तेल उत्पादन, हैंडमेड चॉकलेट, मोमोज बनाने का कार्य सहित अन्य कार्य करके अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अच्छा प्रयास कर रही है। इसके साथ ही कुछ समूह की महिलाएं मूर्ति बनाने का भी कार्य कर रही हैं।

जय भोले बाबा महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सरला ने बताया कि अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभाने के साथ ही इस कार्य में लगी हुई हूं। इस समूह के माध्यम से कुशन और सोफा कवर तैयार करने में तीन लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। हालांकि हमारे समूह में कुल 12 महिला सदस्य है। समूह की सचिव उर्मिला और कोषाध्यक्ष रीता देवी है। इस कार्य से होने वाली आमदनी से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का एक प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story