महिला मोर्चा की कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत, हर बूथ पर 11 सदस्यीय समिति बने : सरोज कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत, हर बूथ पर 11 सदस्यीय समिति बने : सरोज कुशवाहा


कानपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जाए। यह बातें रविवार को कानपुर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहीं।

प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित महिला मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा एकात्म मानववाद पर आधारित है और संगठन का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है।

उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पारिवारिक दायित्वों के साथ-साथ संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति गठित करने पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही भविष्य में महिला नेतृत्व को मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचाने का आधार बनेगा।

सदस्यता अभियान का उल्लेख करते हुए सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। उनके अनुसार सदस्यता अभियान संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है और इससे समाज में संगठन का दायरा भी बढ़ता है।

भाजपा प्रदेश मंत्री किरन निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अनुशासन, मृदुभाषिता और संयम के साथ कार्य करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता अनीता गुप्ता ने तथा संचालन जयंती वर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री, विजया तिवारी, मोना शुक्ला, ज्योति शुक्ला, सरोज सिंह, अनिता त्रिपाठी, मंजू सिंह, विभा पुरवार, प्रीति शर्मा, सुमन पुरोहित, लक्ष्मी रावत सहित क्षेत्र एवं सभी जिलों की महिला मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story