बूथ से मंडल तक संगठन मजबूत करेंगी महिला नेत्रियां : राम किशोर साहू

WhatsApp Channel Join Now
बूथ से मंडल तक संगठन मजबूत करेंगी महिला नेत्रियां : राम किशोर साहू


कानपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की अनुभवी महिला नेत्रियां कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 52 विधानसभा सीटों पर संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगी। सभी नेत्रियां चुनाव तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास कर बूथ से मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करेंगी।

यह बातें शनिवार को क्षेत्रीय मुख्यालय से महिला नेत्रियों को रवाना करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहीं। भाजपा महिला मोर्चा की चार राज्यों से आईं पदाधिकारियों का क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू और महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें 52 विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। प्रवासी महिला नेत्रियों में चार विधायक भी शामिल हैं। ये सभी विधानसभा चुनाव तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में रहकर संगठन की गतिविधियों में भागीदारी करेंगी।

राम किशोर साहू ने कहा कि महिला शक्ति भाजपा की संगठनात्मक ताकत है। अनुभवी महिला नेत्रियों के प्रवास से क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। वहीं मोना शुक्ला ने कहा कि दूसरे राज्यों से आईं महिला पदाधिकारियों का अनुभव स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा। सभी मिलकर संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगी।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि इन महिला नेत्रियों को सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात करने का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता चतुर्वेदी, संगीता पांडेय, गुंजन शर्मा, आशा पांडेय और श्वेता सिंह आदि मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story