ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर परिजनों का अस्पताल में हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर परिजनों का अस्पताल में हंगामा


जौनपुर,07 मार्च (हि.स.)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़ा गांव स्थित मां शांति अस्पताल में ऑपरेशन के बाद शनिवार एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

शाहगंज क्षेत्र के दिपाईपुर गांव निवासी यशपाल की पत्नी रेखा देवी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए परिवार ने मां शांति अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद रेखा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। अस्पताल स्टॉफ ने फोन पर चिकित्सक से संपर्क किया, जिसके बाद एक इंजेक्शन लगाया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि उचित उपचार न मिलने के कारण रात करीब तीन बजे रेखा देवी की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जरूरी जांच रिपोर्ट आने से पहले ही ऑपरेशन कर दिया गया था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान समेत सर्किल के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक महिला के देवर ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका के पति खाड़ी देश में नौकरी करते हैं और वहीं से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रेखा देवी की दो बेटियां हैं। पहली बेटी 12 वर्षीय प्रतिज्ञा और दूसरी 6 वर्षीय आराध्या, जो कक्षा 3 की छात्रा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story