झांसी से ग्वालियर तक नारी शक्ति के हाथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस की कमान

WhatsApp Channel Join Now
झांसी से ग्वालियर तक नारी शक्ति के हाथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस की कमान


झांसी, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन रविवार को नारी शक्ति के अदम्य साहस और कौशल का गवाह बना। इस खास दिन को यादगार बनाते हुए रेलवे प्रशासन ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी। ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके बाद झांसी से ग्वालियर तक का सफर पूरी तरह महिला क्रू के भरोसे रहा।

ट्रेन की कमान मुख्य लोको पायलट कौशल्या देवी ने संभाली, जिन्हें सहायक लोको पायलट दीप्ति का बखूबी साथ मिला। सुरक्षा और सिग्नल की जिम्मेदारी ट्रेन मैनेजर (गार्ड) अंजलि परमार ने निभाई। केवल इंजन ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा और टिकट चेकिंग का मोर्चा भी वंदना मिश्रा, प्रगति यादव, भारती वर्मा और नाजिया निशा के मजबूत हाथों में रहा।

झांसी रेल मंडल की इस पहल ने यह संदेश दिया कि रेलवे के तकनीकी और चुनौतीपूर्ण कार्यों में महिलाएं किसी से पीछे नहीं हैं। स्टेशन पर यात्रियों ने भी तालियां बजाकर इस महिला टीम का उत्साहवर्धन किया। वीरांगना की धरती से शुरू हुआ यह सफर आधुनिक भारत की सशक्त होती महिलाओं की एक नई पहचान बनकर उभरा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story