खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं बेटियाँ : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को गोमतीनगर, लखनऊ स्थित सेज क्रिकेट एकेडमी में आयोजित स्वर्गीय राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्हाेंने टूर्नामेंट का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि आज बेटियाँ खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उनके भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में उप मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय राधिका सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देते हैं। उप मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजक भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर विधायक आशा मौर्य सहित अन्य गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

