महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं पीड़िताओं की समस्या, 10 दिन में निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं पीड़िताओं की समस्या, 10 दिन में निस्तारण के निर्देश


औरैया, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की सुना। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का 10 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें महिला उत्पीड़न से जुड़ी रहीं।

महिला आयाेग की सदस्य अनीता गुप्ता ने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में 'मिशन शक्ति' अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिलाधिकारी अरसला नाज, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पांडेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार शशि, डीसी मनरेगा राम दुलार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, महिला थानाध्यक्ष पूजा राठौर, संरक्षण अधिकारी रीना देवी, वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदाता स्मृति सिंह सहित महिला कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story