उप्र की नगरीय बसों में 29 अगस्त की रात तक महिलाओं काे नहीं देना हाेगा किराया

WhatsApp Channel Join Now
उप्र की नगरीय बसों में 29 अगस्त की रात तक महिलाओं काे नहीं देना हाेगा किराया


लखनऊ, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर नगरीय विकास विभाग के अंतर्गत संचालित नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी।

यह घाेषणा प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा की ओर से की गई है। उन्हाेंने गुरुवार काे जारी अपने बयान में कहा कि निर्धारित अवधि में नगरीय बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली बहनों को यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे सहजता एवं सम्मान के साथ अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।

शासन के निर्णय के अनुसार, 27 अगस्त को सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा रक्षाबंधन के पहले और बाद की यात्रा को भी आसान बनाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बहनों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा अथवा आर्थिक बाधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर ऐसे कदम उठा रही है, जिनसे आमजन का जीवन सुगम हो और महिलाओं को सम्मानजनक एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके। रक्षाबंधन पर परिवहन बसाें में महिलाओं की नि:शुल्क यात्रा, लोकमाता अहिल्याबाई मातुशक्ति योजना के तहत 60

साल या उससे अधिक उम्र की सभी महिलाएं काे निःशुल्क यात्रा की साैगात के बाद नगरीय बस में नि:शुल्क यात्रा की यह पहल भी इसी जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का हिस्सा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story