महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मिलने चाहिए निरंतर अवसर : वीना पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मिलने चाहिए निरंतर अवसर : वीना पांडेय


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। नारी किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। यह बातें शनिवार को जागृति वेलफेयर समिति की अध्यक्ष वीना पांडेय ने कहीं।

जागृति वेलफेयर समिति एवं ऑल इंडिया वूमेन्स कांफ्रेंस के संयुक्त तत्वावधान में केडी पैलेस में बॉलीवुड थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की 20 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए टीवी और फिल्मी कलाकारों के विभिन्न किरदारों की प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों ने अपने अभिनय, वेशभूषा और मंच प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जागृति वेलफेयर समिति की अध्यक्ष वीना पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर अवसर मिलने चाहिए, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का परिचय दे रही हैं।

कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों पर सजावटी एवं दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें आगंतुकों ने सराहा। आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

बॉलीवुड थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न टीवी और फिल्मी कलाकारों के किरदारों को मंच पर जीवंत करते हुए अपनी कला और अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया और दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश देना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य अतिथि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story