कृष्णा नगर चौराहे पर बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कृष्णा नगर चौराहे पर बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत


मथुरा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के कृष्णा नगर चौराहे पर शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में करीब दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल और हंगामे की स्थिति बनी रही।

मथुरा के देवीपुरा की रहने वाली गुड्डी देवी अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर कृष्णा नगर आई थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और उन्होंने इस घटना को लेकर अपनी नाराजगी जताई। घटना के समय जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया और लोगों को शांत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक चले हंगामे और तनाव के बाद पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story