आंधी में नीम का पेड़ गिरने से झोपड़ी में बैठी महिला की मौत
औरैया, 30 अप्रैल (हि . स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया की अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ककरैया गांव में गुरुवार सुबह तेज आंधी से नीम का पुराना पेड़ गिरने से खेत में बनी झोपड़ी में बैठी 32 वर्षीय महिला की जान चली गई। मृतका की पहचान प्रीती पत्नी देवेन्द्र निवासी ककरैया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनाें के अनुसार प्रीती सुबह अपने खेत में सब्जी तोड़ने के लिए गई थीं। उसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। खुद को बचाने के लिए वह खेत में बनी एक झोपड़ी में जाकर बैठ गईं। लेकिन तेज हवा के चलते पास में खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ अचानक उखड़कर झोपड़ी पर गिर पड़ा। झोपड़ी कमजोर होने के कारण पूरी तरह दब गई और प्रीती उसके नीचे फंस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। परिजनों के अनुसार, प्रीती परिवार की जिम्मेदार महिला थीं और रोजमर्रा के कामों में सक्रिय रहती थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तहसीलदार अविनाश वर्मा ने बताया कि यह घटना दैवीय आपदा के अंतर्गत आती है और पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें एक 12 वर्षीय बेटा अमन और दूसरी 9 वर्षीय बेटी श्रद्धा है। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

