सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, परिवार में शोक
देवरिया, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद नगर पंचायत पथरदेवा क्षेत्र की रहने वाली 60 वर्षीय महिला की गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। वह करीब एक सप्ताह पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतका की पहचान वार्ड नंबर आठ, सुभाष चंद्र बोस नगर निवासी चिरई देवी के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय सुभाष सिंह की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व चिरई देवी अपने बेटे के साथ बाइक से महुआडीह थाना क्षेत्र के देसही देवरिया गांव में अपनी बहन के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।
कार्यक्रम के बाद मां-बेटे घर लौट रहे थे। इसी दौरान तरकुलवा थाना क्षेत्र के भेली पट्टी चौराहे के पास अचानक एक महिला बाइक के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे चिरई देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत चेयरमैन क्रांति सिंह सभासदों के साथ मृतका के घर पहुंचे और शोक संतृप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वे अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। महिला की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

