संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति हिरासत में


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विपोसी-नजफगढ़ गांव में गुरुवार को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

मृतका की पहचान सीता (22) पत्नी अनूप पासवान के रूप में हुई। घटना की जानकारी पर मायके वाले गांव पहुंचे और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने पति अनूप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीता के भाई सोनू ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी बहन की शादी अनूप पासवान से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अनूप आए दिन सीता के साथ मारपीट करता था। सोनू के मुताबिक, सीता ने कई बार मायके वालों को पति द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग किए जाने की जानकारी दी थी। मायके से कई बार ससुराल में राशन भी भेजा गया था।

मायके पक्ष का आरोप है कि अनूप शराब पीने के लिए सीता से रुपये मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर उसने मारपीट की। परिजनों का दावा है कि अनूप ने सीता की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story