ससुराल में विवाहिता की मौत, मां ने पति समेत तीन पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
जौनपुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के तेजीबाजार थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर नवाबाद बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन किया था, जबकि मृतका की मां ने पति समेत तीन लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्राह्मणपुर नवाबाद निवासी आरती गौतम (31), पत्नी सुरेश गौतम, की मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां विमला देवी ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को उसके पति सुरेश गौतम, जेठ रमेश उर्फ कल्लू गौतम तथा संगीता ने जहर देकर मार डाला। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे सुरेश गौतम आरती को लेकर कलिंजरा बाजार गए थे। देर रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि आरती ने जहर खा लिया है। परिजनों का कहना है कि आरती ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी और उसकी मौत के पीछे साजिश है।
आरती मूल रूप से बक्शा थाना क्षेत्र के पूरातेजी गांव निवासी मदनलाल गौतम की पुत्री थी। उसकी शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग सात वर्ष और पांच वर्ष है। दोनों स्थानीय परिषदीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मृतका की मां व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति सुरेश गौतम, रमेश उर्फ कल्लू गौतम और संगीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

