संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


देवरिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पिता पोस्टमार्टम हाउस पर मंगलवार को पहुंचे और शव की पहचान किए।

थाना बनकटा क्षेत्र के छतरौनी गांव निवासी साधना देवी (26), पत्नी शेषनाथ यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साधना देवी की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं—एक 5 वर्षीय पुत्र आर्य आशू और 18 माह की एक पुत्री। मृतका के पिता बैजनाथ यादव के अनुसार, उनकी बेटी को उसके ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 11 अप्रैल को साधना देवी के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद 13 अप्रैल को पति उसे दवा कराने के बहाने ले गए ।

बताया जा रहा है कि पूर्वी ढाला भाटपार के पास साधना देवी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और दोनों बच्चों को ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है। घटना के बाद शव को भटनी जीआरपी द्वारा कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

भटनी जीआर पी थानेदार राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story