चलती बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत

WhatsApp Channel Join Now
चलती बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत


हमीरपुर, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को शव कब्जे मे लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई कर जाँच शुरू कर दी है !

बताया गया कि महिला अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह चलती बाइक से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी मौदहा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि रमरतिया (61) पत्नी घनश्याम निवासी ग्राम कमहरिया थाना खन्ना जनपद महोबा को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। परिजनों ने बताया कि वे लोग मौदहा कस्बे में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव खन्ना लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करहिया के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे रमरतिया चलती बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौदहा पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई की। हालांकि मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए पुलिस को लिखित पत्र दे दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story