जौनपुर में डिलीवरी के दौरान प्रसूता की मौत, परिजनों के हंगामे के बाद सीएमओ ने बनायी जांच समिति

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में डिलीवरी के दौरान प्रसूता की मौत, परिजनों के हंगामे के बाद सीएमओ ने बनायी जांच समिति


जौनपुर , 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के नाऊपुर (थाना गद्दी) स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार को डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के बुद्धू बनवासी की पत्नी रेखा को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के दौरान उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद अस्पताल के डॉक्टरों ने समय रहते उचित उपचार नहीं किया, जिसके चलते रेखा की मौत हो गई। हालांकि नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है।

प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल से संबंधित जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय का कहना है कि परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वही इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गंगा राम ने बताया कि घटना की जांच के टीम गठित कर दी गयी है। टीम की जांच रिपोर्ट पर कार्यवाही की जाएगी। हॉस्पिटल स्वास्थ्स विभाग में पंजीकृत है। परिजनों के आरोपों की सत्यता जांच के बाद पता चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story