पति की पिटाई से आहत पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ, माैत

WhatsApp Channel Join Now
पति की पिटाई से आहत पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ, माैत


कानपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकड़ीखेड़ा के चेतन्य विहार में अंगूठी गिरवी रखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हाे गया। इसके बाद पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।

मकड़ीखेड़ा निवासी ऋतिक वर्मा नॉनवेज का ठेला लगाने का काम करता है। वह पत्नी अल्का वर्मा (27) के साथ किराए के मकान में रह रहा था। ऋतिक के मुताबिक, दोनों ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। बाद में परिवार वालों ने दोनों को अलग कर दिया था, जिसके बाद दोनों मकड़ीखेड़ा में रहने लगे। 22 अगस्त को अल्का ने अपनी अंगूठी करीब 17 हजार रुपये में गिरवी रख दी थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। देर रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान ऋतिक ने अल्का को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद देर रात अल्का ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।

जहरीला पदार्थ खाने के कुछ देर बाद अल्का कमरे के बाहर जाकर गिर गई। सुबह ऋतिक की नींद खुली तो उसने पत्नी को बाहर पड़ा देखा। हालत गंभीर होने पर उसने पड़ोसियों की मदद से अल्का को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद ऋतिक ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में अंगूठी गिरवी रखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story