रेल से कटकर महिला की मौत,झाड़ियों में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
रेल से कटकर महिला की मौत,झाड़ियों में मिला शव


बाराबंकी, 01 मई (हि.स.)। जिले के रामनगर थाना अंतर्गत एक विवाहिता की ट्रेन से कट कर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शिनाख्त रामनगर थाना क्षेत्र के थाल कला गांव की निवासिनी रेनू (22) पत्नी राहुल चौहान के रूप में हुई है। उसकी 6 माह की एक पुत्री भी थी ।

शुक्रवार सवेरे सधन्नापुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेल दुर्घटना में उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के सिरवारी गांव स्थित रेनू के मायके में जब उसके भाई नीरज को पति राहुल ने फोन करके जानकारी दी तो सभी मौके पर पहुंचे । पुलिस की पूछताछ में रेनू के छोटे भाई संजीव ने बताया कि राहुल गुजरात में मजदूरी करता है। छह दिन पूर्व घर लौटा था। तीन दिन पहले पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा होने के बाद बुधवार को रेनू की माँ अमरादेवी और भाभी ने उसकी ससुराल पहुंच कर सुलह कराई थी। रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story