बाइक की टक्कर से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 11 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धीरजपुर में हुए सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। धीरजपुर निवासी सरोज पत्नी रमेश चंद्र सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को उपचार के लिए औरैया के 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चिचौली रेफर कर दिया। चिचोली में इलाज के दौरान शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे सरोज ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बाइक सवार की तलाश भी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story