प्रेमी के प्रेम में फंसी महिला न रही घर की, ना घाट की

WhatsApp Channel Join Now
प्रेमी के प्रेम में फंसी महिला न रही घर की, ना घाट की


बिजनौर, ३० सितम्बर (हि. स.) | जनपद के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र की एक महिला ने प्रेमी पर आरोप लगाया है कि निकाह का झांसा देकर उसने शारीरिक सम्बंध बनाए। अब उससे शादी नहीं कर रहा है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला ने बताया कि उसकी शादी हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसका वैवाहिक जीवन ठीक चल रहा था। कुछ दिन पहले चांदपुर निवासी एक युवक से उसकी फोन पर बात शुरू हुई। दोनों के बीच प्रेम सम्बंध हो गए। उसने निकाह का वादा करके उसे दिल्ली बुलाया। वह चुपचाप ससुराल से निकलकर दिल्ली प्रेमी के पास पहुंच गई। आरोप है कि प्रेमी ने अपने साथ आठ दिन रख शारीरिक सम्बंध बनाया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उसे गजरौला लाकर छोड़ दिया।

वह किसी तरह अपने घर पहुंची और प्रेमी से फोन पर बात करने का काफी प्रयास किया पर उसकी बात नहीं हो सकी। महिला का कहना है कि अब ससुराल वाले व मायके वाले कोई रखने को तैयार नहीं है। पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, पर पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है | आज वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। यहां मौजूद पुलिस अधिकारी ने न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। --------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story