निष्ठा और समर्पण से पीयू बनेगा ‘रोल मॉडल’ : प्रो. राकेश सिंह
जौनपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद की वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पीयू) के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को आर्यभट्ट सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित किया। नियुक्ति के बाद विश्वविद्यालय परिवार के साथ यह उनका पहला संवाद कार्यक्रम था। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च ग्रेडिंग के साथ स्थापित करने का अपना विजन साझा किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को आदर्श शिक्षण संस्थान और रोल मॉडल बनाने के लिए सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का निष्ठापूर्ण सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी को पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। आज किए गए उत्कृष्ट कार्यों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
प्रो. सिंह ने शिक्षकों से देश के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में हो रहे नवाचारों और अच्छी पहलों का अध्ययन कर उन पर चर्चा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपयोगी नवाचारों को विश्वविद्यालय की कार्ययोजना में शामिल कर उन्हें धरातल पर उतारा जाए।
कानपुर में आयोजित ‘एआई मंथन’ के महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों में अपार ऊर्जा और क्षमता है। आवश्यकता इस बात की है कि इस ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग किया जाए, ताकि पीयू राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर सके।
उन्होंने कहा कि जिस तरह वृक्ष अपने फल और छाया का स्वयं उपयोग नहीं करता, बल्कि दूसरों के काम आता है, उसी प्रकार विश्वविद्यालय परिवार को भी अपने कार्यों से समाज के हित में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव ने विश्वविद्यालय में प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

