सुभासपा मुरादाबाद मंडल की सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी: दयाराम भार्गव

WhatsApp Channel Join Now
सुभासपा मुरादाबाद मंडल की सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी: दयाराम भार्गव


मुरादाबाद, 16 मई (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एनडीए का एक मजबूत घटक दल है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद मंडल की सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। सुभासपा एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाने एवं समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य करेगी। यह बातें शनिवार को मुरादाबाद में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव ने कही।

सुभासपा की आगामी 2 जून को नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली समरसता रैली को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से आज जिला कार्यालय मुरादाबाद पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुरादाबाद मंडल के विभिन्न जनपदों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

दयाराम भार्गव ने आगे कहा कि पार्टी लगातार प्रदेश में अपने जनाधार को मजबूत कर रही है तथा आने वाले समय में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ रामावतार जिंदल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ सतीश अग्रवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ रितेश, प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज प्रजापति एवं प्रदेश अध्यक्ष युवा मंच दीपक चौहान खटीक उपस्थित रहे। इस दौरान मुरादाबाद जिलाध्यक्ष रवि चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story