औरैया जिले में झोपड़ी के बाहर बंधे दो बकरे और चार बकरियों को जंगली जानवरों ने नोच डाला
औरैया, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आकर बसे किसान की झोपड़ी के बाहर बंधी बकरियां और बकरों को जंगली जानवरों ने नोच-नोच कर मार डाला।
मूल रूप से जालौन के रहने वाले मकरंद सिंह ने अजीतमल क्षेत्र के आदमपुर में एक प्लॉट खरीदा है। प्लॉट के पास ही झोपडी बनाकर पत्नी पूजा, पुत्री आरोही और पुत्र आरव के साथ उसमें रह कर मजदूरी आदि कर गुजर बसर कर रहा है। चार बकरी व दो बकरों को भी पाले हुए है। शुक्रवार काे भाेर के करीब चार बजे वह पत्नी व बच्चों के साथ आदमपुर गाँव के पास बतौर मजदूरी गेहूं की फसल काटने गया था। लौट कर लगभग सुबह आठ बजे आया। बाहर बंधे सभी बकरी/बकरे खून से लथपथ मरे पड़े मिले। करीब चार आवारा कुत्ते जैसे जानवर नोंच रहे थे। मकरंद सिंह ने बताया कि किसी जंगली जानवर के हमले से बकरियों की मौत हो गई। करीब अस्सी हजार रुपये की बकरियों को जंगली जानवरों ने नोचकर मार दिया। पीड़ित ने बताया कि जो प्लॉट खरीदा है उस पर काबिज नहीं हो पा रहा है। बेचने वाला आजकल कहते हुए टरका रहा है। इसीलिए मजबूरी मे झोपडी डालकर रह रहा है। काबिज होने पर निर्माण शुरू कर पायेगा।
राजस्व लेखपाल अमित तिवारी, कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक उदय प्रकाश ने मौके पर पहुँच कर पड़ताल की। कोतवाली निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि किसी जानवर के नोचे जाने से बकरियों की मौत हुई है। पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. उमेश राजपूत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन सहित अन्य अंगाें पर पंजों और दांतों के निशान हैं। अनुमान है कि किसी जंगली जानवर (लकड़बग्गा/भेड़िया) के काटे जाने से बकरियों की मौत हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

