हिंसक जानवर का हमला, पांच भेड़ों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हिंसक जानवर का हमला, पांच भेड़ों की मौत


औरैया, 22 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में शनिवार रात एक हिंसक जानवर के हमले से पांच भेड़ों की मौत हो गई, जबकि एक भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

मधवापुर निवासी कालीचरण चक्रवर्ती पुत्र भीखालाल ने बताया कि भेड़ें घर के पीछे बाड़े में बंद थीं, तभी रात में किसी हिंसक जानवर ने हमला कर दिया। सुबह जब वह भेड़ों को बाहर निकालने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। इस हमले में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और कंचौसी चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि भेड़ों के पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दे दी गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित को रिपोर्ट आने के बाद मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। गांव में इस तरह की पहली घटना से लोगों में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story