सियार के हमले से 5 लोग घायल, वन विभाग की तीन टीमें तैनात

WhatsApp Channel Join Now
सियार के हमले से 5 लोग घायल, वन विभाग की तीन टीमें तैनात


बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर, क्षेत्र में दहशत

अमेठी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। थाना मुंशीगंज क्षेत्र अंतर्गत चौकी परितोष के सनहा गांव में बीते दिन सियार के हमले से पांच लोग घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। सियार के हमले में घायल एक बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं।

ग्रामीणों के अनुसार पौधशाला परितोष से स्टील फैक्ट्री के बीच एक सियार लगातार लोगों पर हमला कर रहा है। सियार के आतंक से स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों में भय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सियार लोगों को दौड़ाकर काट रहा है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सियार के हमले में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला की हालत सबसे गंभीर है। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

अमेठी रेंजर मोहम्मद इब्राहिम ने गुरुवार को बताया कि भेंटुआ क्षेत्र के सनहा गांव से मोबाइल फोन के माध्यम से सियार द्वारा लोगों को काटे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। जानकारी मिलते ही डीएफओ अमेठी रणवीर मिश्रा के निर्देश पर तीन टीमें गठित कर दी गईं, जिन्हें घटना स्थल पर तैनात किया गया है। वन विभाग की टीमें सियार की तलाश में जुटी हुई हैं तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने को कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story