नाले में मिला पत्नी का शव, पति हिरासत में
औरैया, 25 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव पूर्वा कुशल कन्हो में शनिवार दोपहर एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में नाले में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने उसके पति पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 55 वर्षीय राजू भदौरिया पुत्र बालाराम अपनी पत्नी शकुंतला देवी और 12 वर्षीय बेटे समर के साथ रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक, राजू शराब का आदी है और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार दोपहर भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा।
बताया जा रहा है कि झगड़े के कुछ समय बाद करीब चार बजे शकुंतला देवी का शव घर के पास स्थित नाले में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि जब वे वहां पहुंचे, तो राजू नाले के पास ही बैठा मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी बताया कि महिला के शरीर पर चोट के कई निशान थे। कुछ महिलाओं ने शव को बाहर निकालते समय खून के निशान भी देखे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। घटना के दौरान आरोपी पति नशे की हालत में ग्रामीणों से उलझता रहा और खुद को निर्दोष बताता रहा, हालांकि कुछ देर बाद वह शव के पास बैठकर रोने लगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

