पंजाब और झारखंड के मुद्दे पर केजरीवाल- राहुल चुप क्यों? : सुधांशु त्रिवेदी

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब और झारखंड के मुद्दे पर केजरीवाल- राहुल चुप क्यों? : सुधांशु त्रिवेदी


नोएडा, 13 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी ने आज कहा कि पंजाब हाई कोर्ट द्वारा बुधवार को ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और कलेक्टर कोऑर्डिनेटर के 85 पदों पर दिए गए निर्णय के बाद अरविंद केजरीवाल कहां गायब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने सदन के पटल पर गलत बात कही थी, यह कोर्ट के आदेश के बाद साबित हो गया। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि केजरीवाल पंजाब के मामले मे मुंह में दही जमा कर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी झारखंड के मामले में कान में तेल डालकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यत्र, तत्र, सर्वत्र विचित्र प्रकार के कार्य करते हुए फिर रहे है, मगर रांची जाने का वक्त उन्हे नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मैं यह भी कहना चाहता हूं कि जंतर मंतर के जो छात्र हितों के नवोदित झंडाबरदार थे, वे अब कहां गायब हो गए है। उन्हें ना तो पंजाब दिखाई पड़ रहा है, और ना ही झारखंड। सुधांशु त्रिवेदी जनपद गौतम बुद्ध नगर में जिला भाजपा कार्यकारिणी द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार की शाम को आए थे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दाे दिन के बाद देश अपने स्वतंत्रता के 80 वें वर्ष मे प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी तकते हैं जो उभरते हुए भारत, आगे बढ़ते हुए भारत, विकासशील भारत, निखरते हुए भारत के मार्ग को अवरुद्ध करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि हमें उन शक्तियों से सावधान रहने की आवश्यकता है। भारत एक नई शक्ति के रूप में आगे उभर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के अधिवेशन के दौरान जब गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा कि हम सदन के पटल पर सभी प्रकार के प्रश्नों का उत्तर विस्तृत और व्यवस्थित रूप से देने को तैयार है, उसके उपरांत विपक्ष ने सामना नहीं किया। इसने सिद्ध कर दिया कि विपक्ष भागना चाहता है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक बिगड़े दिल के शहजादा ने संसद के सत्र को एक प्रकार से बंधक बना लिया। एक प्रकार से जितनी चर्चा होनी चाहिए उतनी नहीं होने दी। बिल तो पास हो गए लेकिन संसद में चर्चा नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी जब-जब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री उत्तर देने आए तो विपक्ष के लोग भाग जाते हैं। इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्री चंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story