व्हाइट टॉपिंग रोड से शहर को मिलेगी मजबूत और टिकाऊ सड़क : नगर आयुक्त
कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। व्हाइट टॉपिंग तकनीक से बनी सड़कें पारम्परिक सीसी रोड की तुलना में अधिक मजबूत, टिकाऊ और जलभराव में भी उपयोगी होती हैं। इससे शहर को लम्बे समय तक गड्ढामुक्त सड़कें मिलेगी। यह जानकारी शनिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दी।
शनिवार काे जोन-1 के अंतर्गत वार्ड-32 रायपुरवा थाना के सामने बनी कानपुर की पहली व्हाइट टॉपिंग मॉडल रोड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद आकर्ष बाजपेयी, मुख्य अभियंता तथा जोनल अधिकारी-1 उपस्थित रहे। पार्षद ने बताया कि यह शहर में पहली बार व्हाइट टॉपिंग तकनीक से बनी सड़क है, जो 150 एमएम मोटाई और एम-40 ग्रेड कंक्रीट से तैयार की गई है। इसकी भार वहन क्षमता लगभग 40 टन है और अनुमानित आयु 20 से 25 वर्ष है।
सड़क की मजबूती के लिए कंक्रीट में माइक्रोफाइबर सामग्री मिलाई गई है। दरारें न पड़ें, इसके लिए सड़क को चौकोर ब्लॉकों में काटा गया है। जल निकासी के लिए ब्लॉकों के बीच विशेष मार्ग बनाए गए हैं, जिससे बारिश के समय सड़क पर पानी नहीं रुकेगा और सीधे नालियों में निकासी होगी।
मुख्य अभियंता ने बताया कि यह सड़क जलभराव के समय भी उपयोगी रहती है और इसमें गड्ढे नहीं बनते। सड़क की लम्बाई 500 मीटर है और इसकी लागत 65 लाख रुपये आई है, जो पारम्परिक सीसी रोड से कम है। नगर आयुक्त ने भविष्य में 15वें वित्त आयोग और सीएम ग्रिड के तहत ऐसी सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

