विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 917 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 917 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ


विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 917 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ


विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 917 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ


देवरिया, 01 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 917 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ब्रजेश मणि त्रिपाठी, नोडल अधिकारी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र नाथ त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अर्चना तथा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। इनके माध्यम से निर्बल, निर्धन, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के चिह्नित लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।

शिविर में विशेष रूप से दिव्यांगजनों को एक व्हीलचेयर, नौ हियरिंग एड, मानसिक रोग से प्रभावित लोगों को 13 एमआर किट और 20 स्मार्टकैन छड़ियां वितरित की गईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से 874 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ पहुंचाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story