पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्वक ढंग से गेहू क्रय एवं कृषकों को त्वरित भुगतान किया जाए : मनोज पांडे

WhatsApp Channel Join Now
पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्वक ढंग से गेहू क्रय एवं कृषकों को त्वरित भुगतान किया जाए : मनोज पांडे


लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री खाद्य एवं रसद विभाग तथा नागरिक आपूर्ति मनोज पांडेय की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, गेहूँ क्रय, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राशन वितरण व्यवस्था तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस अवसर पर सतीश चंद्र मिश्रा (राज्य मंत्री) खाद्य एवं रसद विभाग तथा नागरिक आपूर्ति, रणवीर प्रसाद (प्रमुख सचिव) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी गेहू क्रय केन्द्रों का संचालन गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाये। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न उत्पन्न होने पाये, उनसे अच्छे तरीके से व्यवहार किया जाए, वो हमारे अन्यदाता होते हैं। उन्होंने ने कहा कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर उपकरणों व इलेक्ट्रॉनिक काँटा, बोरो व इस्टोरेज की उपलब्धता 48 घंटे में शतप्रतिशत सुनिश्चित कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही कदपि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य के सापेक्ष गेंहू खरीद समस्त केंद्रों पर शतप्रतिशत कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के मंशानुरूप रूप पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले। समीक्षा के दौरान पाया गया कि बस्ती मंडल के आरएमओ कार्यालय में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीर नही लगी हैं। जिसके क्रम में मंत्री द्वारा नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि ऑफिस में बैठकर टाइम पास ना करें, फील्ड में उतरकर कोटे की दुकानों का औचक निरीक्षण करें। कोटे की दुकानों पर घटतौली की शिकायत मिलने पर कदापि बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सीधा जनता से जुड़ा हुआ विभाग है इसको गभीरता से लेते हुए कार्य किया जाना सुनिश्चित किया जाए। अगर कहीं किसी भी प्रकार की शिकायत आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिला पूर्ति अधिकारी यह सुनिश्चित करते रहे कि गैस एजेंसियों द्वारा गैस सिलेंडरों की आपूर्ति डोर-टू-डोर शतप्रतिशत कराते रहें। उन्होंने बैठक के दौरान आवाहन करते हुए कहा कि आवश्यक रूप से डीजल पेट्रोल की खपत ना करें वैश्विक महामारी में हम लोग एक साथ एकजुट होकर कार्य करें।

ई-पॉस मशीनों के माध्यम से हो रहे वितरण, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं संवेदनशीलता बरती जाए। बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा जनपदवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि आमजन का विश्वास शासन की योजनाओं पर बना रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story