औरैया में आग से जलकर 24 बीघा गेहूं की फसल राख

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में आग से जलकर 24 बीघा गेहूं की फसल राख


औरैया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में ग्राम भूरेपुर व कंचनपुरवा के बीच रविवार दोपहर अचानक गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और समर्सिबल पंप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक करीब 24 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।

इस घटना में कंचनपुरवा निवासी रमाकांत व उनके भाई आनंद बाबू की लगभग 10 बीघा, भूरेपुर निवासी रामप्रकाश की 4 बीघा, बिहारी पुरवा निवासी मिथलेश की 8 बीघा तथा विनोद कुमार की 2 बीघा फसल जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा चुका था। दमकल की देरी से पहुंचने को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखी गई।

कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल के नष्ट होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।

फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि एक गांव खेत में लगी आग से कई किसानों की फसल नष्ट हो गई है। मामले में राजस्व अधिकारी को जानकारी देते हुए अग्रिम कार्रवाई कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story