वेवरिया : बरसात बाद सभी खराब सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाए: दयाशंकर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
वेवरिया : बरसात बाद सभी खराब सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाए: दयाशंकर सिंह


देवरिया, 07 अक्टूबर (हि.स.) । जनपद के प्रभारी मंत्री और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में गेस्ट हाउस स्थित निरीक्षण भवन के सभागार में कोर कमेटी की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों, जनसमस्याओं तथा मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सड़कों की स्थिति को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। जनपद में बरसात के कारण क्षतिग्रस्त एवं खराब हुई सड़कों को बरसात समाप्त होते ही अभियान चलाकर गड्ढामुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं गड्ढा मुक्ति का कार्य कराया जाए। कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने, जर्जर विद्युत तारों एवं अन्य तकनीकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, मरीजों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर, एमएलसी रतन पाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/ प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story