वेलनेस कॉन-2026 में 1149 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण, 30 अक्टूबर से होगा आयोजन : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
वेलनेस कॉन-2026 में 1149 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण, 30 अक्टूबर से होगा आयोजन : कुलपति


कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को बढ़ावा देने और शोध एवं ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय और सामाजिक संस्था प्रयत्न के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर से वेलनेस कॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

विश्वविद्यालय परिसर में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले तृतीय अंतरराष्ट्रीय वेलनेस सम्मेलन में भारत सहित आठ देशों के वक्ता और विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 11:10 बजे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना करेंगे। आयोजन समिति ने 1100 प्रतिभागियों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा था, जबकि अब तक 1149 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है।

सम्मेलन में 11 पद्म पुरस्कार से सम्मानित वक्ताओं की सहभागिता रहेगी। इसके साथ ही 61 वैज्ञानिक सत्रों में 64 वक्ता स्वास्थ्य, चिकित्सा, जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा करेंगे। आयोजन के लिए लगभग 400 शोध सारांश प्राप्त हुए हैं। विभिन्न श्रेणियों में शोध प्रस्तुतियां होंगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

सम्मेलन की संरक्षक डॉ. वंदना पाठक ने बताया कि आयुर्वेद और वेलनेस से जुड़े पांच विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इनमें भारतीय ज्ञान परंपरा, स्वस्थ जीवनशैली और आधुनिक स्वास्थ्य दृष्टिकोण के बीच समन्वय पर चर्चा होगी।

आयोजन अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य सम्मेलन से पहले 29 अक्टूबर को क्वालिटी कंट्रोल, फिजियोथेरेपी और स्पोर्ट्स इंजरी पर तीन विशेष कार्यशालाएं और व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन सचिव प्रो. मुनीश रस्तोगी, प्रो. अनुराधा कालानी, प्रो. निशा शर्मा और प्रो. दिग्विजय शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक सत्रों में शोधकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और विशेषज्ञों को अपने विचार एवं शोध निष्कर्ष साझा करने का अवसर मिलेगा। संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. प्रियंका शुक्ला, डॉ. राम किशोर और डॉ. हीना वैश्य ने बताया कि मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के साथ खुशहाली के दर्शन पर भी विशेष व्याख्यान होंगे।

सम्मेलन के संयोजक प्रो. प्रवीन कटियार ने बताया कि आयोजन में 30 अक्टूबर को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ वेलनेस उत्सव और 31 अक्टूबर को वेलनेस लॉरिएट्स सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वेलनेस लाइव भी सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। अब तक हुए पंजीकरण में लगभग 59 प्रतिशत महिलाएं और छात्राएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वेलनेस सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 2014 में राष्ट्रीय सम्मेलन के रूप में हुई थी। वर्ष 2019 में इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया और 2025 में दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ। इस क्रम में वेलनेस कॉन-2026 तीसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है। इसका उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक, बौद्धिक, व्यावसायिक, वित्तीय, पर्यावरणीय और आध्यात्मिक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768559 Articles

Share this story