जरीब चौकी आरओबी निर्माण कार्य जुलाई से हाेगा शुरू : सांसद रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
जरीब चौकी आरओबी निर्माण कार्य जुलाई से हाेगा शुरू : सांसद रमेश अवस्थी


कानपुर, 21 जून (हि.स.)। कानपुर शहर की लंबे समय से लंबित जरीब चौकी रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना के निर्माण की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप निर्माण कार्य में आ रही प्रमुख बाधा दूर हो गई है और आगामी 15 जुलाई 2026 से कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के उप परियोजना प्रबंधक एस.के. सुमन द्वारा सांसद रमेश अवस्थी को भेजे गए पत्र के अनुसार, कानपुर अनवरगंज रावतपुर रेल मार्ग (पूर्वोत्तर रेलवे) पर स्वीकृत जरीब चौकी के निकट चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी), जीटी रोड पर चार लेन फ्लाईओवर तथा घंटाघर रोड पर दो लेन फ्लाईओवर के निर्माण में ट्रंक सीवर लाइन सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी।

पत्र में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा ट्रंक सीवर लाइन को शिफ्ट करने के लिए ई-निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तकनीकी निविदा खोली जा चुकी है तथा वित्तीय निविदा भी शीघ्र खोली जाएगी। इसके बाद सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ होगा, जिससे परियोजना निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

सांसद रमेश अवस्थी ने रविवार को कहा कि जरीब चौकी आरओबी कानपुर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से जरीब चौकी रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा जीटी रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार कानपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की सुविधा से जुड़े सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद रमेश अवस्थी ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ होकर तेजी से आगे बढ़ेगा, जिससे कानपुरवासियों को बहुप्रतीक्षित सुविधा जल्द प्राप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story