बाढ़ से घरों में चूल्हे नहीं जले और भूखे-प्यासे ग्रामीणों ने लगाया जाम, फिर भी नहीं मिली मदद

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ से घरों में चूल्हे नहीं जले और भूखे-प्यासे ग्रामीणों ने लगाया जाम, फिर भी नहीं मिली मदद


बांदा, 03 सितंबर (हि.स.)। लगातार बारिश और बाढ़ के पानी से उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेन्दा गांव में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई। कई घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घरों में पानी भरने के कारण चूल्हे नहीं जल सके और कई परिवार दिनभर भोजन व पेयजल की समस्या से जूझते रहे। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बांदा कानपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।

पीड़ित ग्रामीणों ने जलभराव और घरों में घुसे पानी की शिकायत गुरुवार को सबेरे जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जबकि सदर एसडीएम नमन मेहता ने जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए तहसील प्रशासन को मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सदर तहसीलदार विकास पांडेय और लेखपाल सुधीर यादव गांव पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि घरों में पानी घुसने से न केवल गृहस्थी का सामान प्रभावित हो रहा है, बल्कि खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। तहसीलदार ने जलनिकासी के लिए जेसीबी लगाकर नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत और अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद शाम तक जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका और न ही भोजन व पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई। इससे नाराज भूखे-प्यासे ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।

जाम की सूचना मिलते ही पपरेन्दा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने भी अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि घरों में पानी भरा है, चूल्हे नहीं जले और कई परिवार सुबह से भोजन के लिए परेशान हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें जाम समाप्त करने के लिए समझाने के साथ मुकदमा दर्ज किए जाने की चेतावनी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। हालांकि ग्रामीणों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी बनी रही और उन्होंने प्रभावित परिवारों तक तत्काल भोजन, पेयजल और राहत सामग्री पहुंचाने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम नमन मेहता ने बताया कि जल भराव की समस्या का समाधान करने के लिए सवेरे निर्देश दिए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story