कानपुर में नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, चेतावनी बिंदु से महज चार सेंटीमीटर नीचे बह रही गंगा
कानपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में गंगा के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कानपुर बैराज के अप स्ट्रीम में जलस्तर कल के मुकाबले 16 सेंटीमीटर बढ़कर 113.960 मीटर पहुंच गया है। यह चेतावनी बिंदु 114.000 मीटर से महज चार सेंटीमीटर नीचे है। डाउन स्ट्रीम का जलस्तर भी 16 सेंटीमीटर बढ़कर 113.710 मीटर हो गया है। बैराज से पानी के डिस्चार्ज में भी 16,896 क्यूसेक की बढ़ोतरी हुई है।
बाढ़ राहत कार्यालय के अनुसार कानपुर बैराज के अप स्ट्रीम में शनिवार को जलस्तर 113.800 मीटर था, जो रविवार को बढ़कर 113.960 मीटर हो गया। डाउन स्ट्रीम का जलस्तर 113.550 मीटर था, जो बढ़कर 113.710 मीटर पहुंच गया। बैराज से डिस्चार्ज 3,15,702 क्यूसेक था, जो अब बढ़कर 3,32,598 क्यूसेक हो गया है। बैराज का चेतावनी स्तर 114.000 मीटर और खतरे का निशान 115.000 मीटर है।
शुक्लागंज में भी गंगा के जलस्तर में 13 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को यहां जलस्तर 112.340 मीटर था, जो रविवार को बढ़कर 112.470 मीटर हो गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है।
हरिद्वार बैराज से छोड़े जा रहे पानी में भी बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को डिस्चार्ज 1,13,450 क्यूसेक था, जो रविवार को बढ़कर 1,21,147 क्यूसेक हो गया। यानी 7,697 क्यूसेक की बढ़ोतरी हुई। नरोरा बैराज से डिस्चार्ज शनिवार के 87,053 क्यूसेक से बढ़कर रविवार को 96,219 क्यूसेक हो गया। यहां 9,166 क्यूसेक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावें चलाई जा रही हैं। एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी है। प्रभावित ग्रामीणों को राहत किट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।प्रशासन की ओर से गंगा के जलस्तर और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी की लगातार निगरानी की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

