भटकी वृद्ध महिला को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
भटकी वृद्ध महिला को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया


बागपत, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के थाना चांदीनगर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। शनिवार शाम (25 जुलाई 2026) को पीआरवी को सूचना मिली कि ग्राम सांकलपुट्टी में एक वृद्ध महिला भटकती हुई मिली हैं, जो अपना नाम मूर्ति बता रही थीं और लुई सराय को अपनी ससुराल बता रही थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाना चांदीनगर ले जाया गया। यहां ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों की मदद से महिला के परिजनों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद परिजनों का पता लगाया गया और उन्हें सूचना दी गई।

रविवार सुबह परिजन थाना चांदीनगर पहुंचे, जहां पूछताछ में वृद्ध महिला की पहचान श्रीमती मूर्ति पत्नी रोशन, निवासी लुई सराय, थाना फुगाना, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। महिला ने बताया कि वह अपने मायके ग्राम बाढ़म रोहटा (जनपद मेरठ) से ससुराल लौटते समय रास्ता भटक गई थीं और सांकलपुट्टी पहुंच गई थीं। पुलिस की मौजूदगी में महिला और उनके परिजनों ने एक-दूसरे की पहचान की। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story