दीवार ढहने से मलबे में दबकर पिता-पुत्री की माैत

WhatsApp Channel Join Now
दीवार ढहने से मलबे में दबकर पिता-पुत्री की माैत


बांदा, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र स्थित तराया गांव में मंगलवार रात बारिश की वजह से पड़ोसी की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर पिता और उसकी छह माह की बेटी की माैत हाे गई। पत्नी और तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

बबेरू थानाध्यक्ष संजय कुमार द्विवेदी ने बुधवार काे बताया कि तराया गांव निवासी राजेश सिंह (40) मंगलवार रात अपनी पत्नी सावित्री देवी (35) और दो बेटियों के साथ घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी रामदास यादव की दीवार का भारी दबाव राजेश सिंह के घर की दीवार पर पड़ गया, जिससे अचानक दीवार भरभराकर ढह गई। सोते हुए परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों लोग मलबे के नीचे दब गए।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया और मलबे को हटाकर चारों घायलों को बाहर निकाला। सभी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने राजेश सिंह और उनकी छह माह की दूधमुंही बेटी रश्मि को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी सावित्री देवी और तीन वर्षीय बेटी लक्ष्मी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बबेरू थानाध्यक्ष संजय कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्हाेंने बताया कि पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

-----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story