वाराणसी में दालमंडी के 125 वर्ष पुराने मुसाफिरखाना को किया गया जमीदोंज

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में दालमंडी के 125 वर्ष पुराने मुसाफिरखाना को किया गया जमीदोंज


वाराणसी, 11 मई (हि. स.)। वाराणसी में सोमवार को लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की उपस्थिति में दालमंडी के 125 वर्ष पुराने मुसाफिरखाना को जमीदोंज कर दिया गया।

वक्फ बोर्ड को मिले बारह दिनों के समय के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दोपहर के वक्त मजदूरों के माध्यम से सबसे पहले बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से को तोड़वाया और शाम तक हथौड़ा चलता ही चला गया। ड्रोन कैमरा लगाकर माहौल की निगरानी वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस कर रही थी। मौके पर तीन सौ पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जहां कभी महफिल सजी रहती थी और निकाह पढ़े जाते थे। उस जिंदा मुसाफिरखाना को आज गिरा दिया गया। सब कुछ कुछ घंटे के भीतर हुआ और दोपहर से शुरू हुई प्रशासनिक कार्रवाई रात तक होती रही। अब मुसाफिरखाना खंडहर बन कर रह गया।

लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता के.के. सिंह ने मुसाफिरखाना के ध्वस्तीकरण पर कहा कि सवा सौ साल पुरानी इमारत का संचालन वक्फ बोर्ड कर रहा था। जिला प्रशासन और वक्फ बोर्ड के बीच बैठक में बोर्ड सदस्यों ने 12 दिन का समय मांगा था। समय पूरा होने के बाद कोई उत्तर नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई दालमंडी चौड़ीकरण के अंतर्गत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story