वृंदावन : बाबा रामदेव ने मलूक पीठ के महंत राजेंद्र दास महाराज से लिया आशीर्वाद
मथुरा, 19 नवम्बर(हि.स.)। योग गुरु बाबा रामदेव गुरुवार को अपने धार्मिक प्रवास के तहत धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पवनहंस स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां पहले से मौजूद स्थानीय श्रद्धालुओं और आश्रम के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
हेलीपैड से उतरने के बाद बाबा रामदेव सड़क मार्ग से कार द्वारा सीधे वंशीवट स्थित सुप्रसिद्ध श्री मलूक पीठ आश्रम पहुंचे। आश्रम में उन्होंने पीठाधीश्वर महंत राजेंद्र दास महाराज से आत्मीय भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मुलाकात के दौरान दोनों संतों के बीच सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर संक्षिप्त लेकिन सार्थक चर्चा हुई। भेंट के पश्चात बाबा रामदेव ने श्री मलूकदास महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

