वृद्ध आश्रम का मुख्य विकास अधिकारी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
वृद्ध आश्रम का मुख्य विकास अधिकारी ने किया निरीक्षण


हाथरस, 14 जून (हि.स.)। नगला भुस के वृद्ध आश्रम का हाथरस जिले के मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम में निवासरत वृद्धजनों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आश्रम प्रबंधन द्वारा बताया गया कि वर्तमान में आश्रम में कुल 71 वृद्धजन पंजीकृत हैं, जिनमें 39 पुरुष एवं 32 महिलाएं निवास कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान एक महिला निवासी के संबंध में जानकारी दी गई कि उन्हें पीलिया की बीमारी के कारण परिजन 7 जून को अपने साथ घर ले गए थे, जिनकी 12 जून को उनके आवास पर मृत्यु हो गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रम में उपलब्ध नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए वृद्धजनों को हल्का एवं सुपाच्य भोजन उपलब्ध कराने तथा उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन दिनों दानदाताओं द्वारा भोजन की व्यवस्था की जाती है, उन दिनों संस्था द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन का समुचित समायोजन करते हुए उसका स्पष्ट विवरण पंजिकाओं में अंकित किया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान आश्रम में प्रतिदिन लगभग 13 लीटर दूध की व्यवस्था की जानकारी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दूध की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय समूहों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रम परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं एवं वृद्धजनों के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story