औरैया : 24 अक्टूबर को सभी मतदेय स्थलों पर चलेगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : 24 अक्टूबर को सभी मतदेय स्थलों पर चलेगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान


-सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, पात्र नागरिकों से नाम दर्ज कराने की अपील

औरैया, 20 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत आगामी 24 अक्टूबर, शनिवार को जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर की गई व्यवस्थाओं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 24 अक्टूबर को जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही बूथों पर प्रपत्र-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए, जिससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिक आसानी से आवेदन कर सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र 202-बिधूना, 203-दिबियापुर और 204-औरैया (अजा) के मतदाताओं से विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story