पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने में न हो लापरवाही : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने में न हो लापरवाही : जिलाधिकारी


कानपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे सभी पात्र नागरिकों के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़े जाएं। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें और युवाओं व महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता बनने का अवसर मिलना चाहिए। यह निर्देश शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत निरीक्षण के दौरान दिए।

जिलाधिकारी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, बीएलओ की उपस्थिति और मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय संबंधित सुपरवाइजर और सभी छह बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें और जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, उनके आवेदन प्राथमिकता से प्राप्त करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।

विशेष अभियान दिवस के तहत जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 3,736 बूथों पर बीएलओ की तैनाती की गई है। यहां नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।

इसके अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथों पर निर्धारित व्यवस्थाएं बनी रहें और किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से न छूटे।

उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की, कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसे जुड़वाने के लिए आवेदन करें।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story