मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शुक्रवार तक का समय
एसआईआर के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का गहन परीक्षण किया जा रहा : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 05 फरवरी (हि.स.)। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) 2026 के तहत मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य अब अंतिम चरण में है। इस प्रक्रिया के तहत शुक्रवार 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मतदाताओं के पास उपलब्ध है। इसके बाद किसी भी प्रकार के नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े आवेदन एसआईआर के तहत मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य अंतिम चरण में
स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह द्वारा जनपद में एसआईआर के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का गहन परीक्षण किया जा रहा है। ऐसे में सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वह निर्धारित समय के भीतर मतदाता सूची का अवलोकन कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो समय रहते अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें।
मतदाता जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सम्बंधित तहसीलों पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 ए, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 (घोषणा-पत्र सहित) के माध्यम से दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से आग्रह किया गया है कि वह शुक्रवार तक अपने दावे और आपत्तियां अनिवार्य रूप से दर्ज करा दें ताकि भविष्य में मतदान से वंचित होने जैसी स्थिति से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

