मतदाता सूची में गड़बड़ियां दूर करने की सपा जिलाध्यक्ष की मांग, 25 अप्रैल तक जांच कराने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में गड़बड़ियां दूर करने की सपा जिलाध्यक्ष की मांग, 25 अप्रैल तक जांच कराने का आह्वान


औरैया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश गौतम ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता की। उन्होंने मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच अवश्य करें। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) शुरू हुआ था, जिसके बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।

सर्वेश गौतम के अनुसार, नई सूची में “नो-मैपिंग” और “लॉजिकल एरर” के चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। सूची में कई नामों के सामने “DELETED Q” जैसे संकेत भी दर्ज हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से प्रत्येक बूथ की सूची का सत्यापन कराया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष ने आम जनता से विशेष रूप से अपील की कि वे 25 अप्रैल 2026 तक अपनी मतदाता स्थिति की जांच कर लें और सुनिश्चित करें कि उनका नाम सही तरीके से दर्ज है। यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है या कोई त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति जिलाधिकारी कार्यालय में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

उन्होंने मतदाता सूची में प्रयुक्त संकेतों की जानकारी देते हुए बताया कि “DELETED (E)” का अर्थ मृतक, “DELETED (S)” स्थानांतरित, “DELETED (R)” पुनरावृत्ति और “DELETED (M)” लापता होता है। ऐसे में जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनका सत्यापन करना जरूरी है। यदि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर हो गया है, तो वह फॉर्म-6 भरकर पुनः अपना नाम जुड़वा सकता है।

सर्वेश गौतम ने प्रशासन से मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और लोकतांत्रिक चुनाव के लिए हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना जरूरी है। इस दौरान कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story