स्वयंसेवकों ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
संघ का वन विहार कार्यक्रम संपन्न
हमीरपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व से पूर्व रविवार को पारंपरिक वन विहार कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।
मौदहा कस्बे के विद्या देवी पालीवाल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित चित्रकूट विभाग के विभाग कार्यवाह संजय ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संघ की कार्यपद्धति, राष्ट्र के प्रति दायित्वों और सामाजिक समरसता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सह जिला कार्यवाह राजन ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर नगर संघचालक कृष्ण कुमार, नगर कार्यवाह सत्यप्रकाश सैनी, नगर प्रचारक सनी जी और सह नगर कार्यवाह मयंक गुप्ता सहित कार्यकारिणी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराने के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

