न्यायलय में बयान से पलटे तो आवाज के सैंपल देंगे गवाही

WhatsApp Channel Join Now
न्यायलय में बयान से पलटे तो आवाज के सैंपल देंगे गवाही


मुरादाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। अदालत में आरोपित, गवाह और वादी अपने बयानों से मुकर नहीं पाएंगे। पुलिस ने उनके ऑडियो रिकॉडेड बयान यक्ष एप पर सुरक्षित करने शुरू कर दिए हैं। जरूरत पड़ने पर इन आवाज के सैंपल की फॉरेंसिक लैब में जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। जिससे सच सामने आ जाएगा।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने सोमवार को बताया कि यह कदम उन मामलों के लिए उठाया गया है, जहां लिखित बयानों को अक्सर अदालत में गलत बता दिया जाता था। इस नई प्रक्रिया से न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। जरूरत पड़ने पर इन आवाज के सैंपलों की गहन जांच की जाएगी। इससे झूठी गवाही पर रोक लगेगी और न्याय सुनिश्चित होगा।

इन ऑडियो रिकॉर्डिंग को पुलिस के यक्ष एप पर अपलोड किया जा रहा है। यह एप विशेष रूप से इस उद्देश्य के लिए तैयार किया गया है। इससे डिजिटल साक्ष्य के रूप में आवाज के सैंपल सुरक्षित रहेंगे। यह तकनीक अदालती मामलों में निर्णायक भूमिका निभाएगी और सत्य को सामने लाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story