असफलता से निराश न हो, एक लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें : पुलिस आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now


—सोशल मीडिया को न बनने दें कॅरियर में बाधा : जिलाधिकारी

—डीएवी कॉलेज में छात्र संवाद,आला अधिकारियों ने किया अनुभव साझा

वाराणसी, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर शुक्रवार को वाराणसी के औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में जिले के आला अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कॉलेज में आयोजित छात्र संवाद कार्यशाला में वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने छात्रों को सिविल सर्विसेज एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित करने का मंत्र दिया और अपने अनुभव साझा किये।

संवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि असफलता से निराश होने के बजाए एक लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ते रहे तो सफल होने से कोई नहीं रोक सकता है। छात्र जीवन का वह समय बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है जब हमें अपनी दिशा तय करनी होती है। यूपीएससी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यहाँ हर विधा के विद्यार्थियों के लिए जगह है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासित और लगातार मेहनत करने वाला विद्यार्थी अपने जीवन मे कभी असफल हो ही नहीं सकता है। मेहनत करने वालों के लिए रास्ते खुद ब खुद बन जाते हैं। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सफलता से पूर्व हमारे जीवन मे कई बाधाएं आती हैं। उनमें से आजकल सोशल मीडिया भी है। हमें सिर्फ मछली की आँख देखनी है और कुछ नही। आने वाला समय भारत का है। विकसित भारत के विजन को पूरा करने का दारोमदार युवा भारत के ही कंधों पर है। कार्यशाला में उन्होंने दर्जनभर छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story