वाराणसी: करतालिया बाबा आश्रम के पूर्व महंत संत कौशल किशोर दास का निधन, हरिश्चंद्र घाट पर दी गई जल समाधि
- संत समाज व श्रद्धालुओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बताया अपूरणीय क्षति
वाराणसी, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के नगवां स्थित करतालिया बाबा आश्रम के पूर्व महंत एवं वैष्णव संत समाज के प्रतिष्ठित संत महंत कौशल किशोर दास बुधवार तड़के ब्रह्मलीन (गोलोकवासी) हो गए। उनके निधन का समाचार मिलते ही संत समाज, शिष्यों और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं भक्त आश्रम पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। संत समाज ने महंत कौशल किशोर दास के निधन को आध्यात्मिक जगत एवं वैष्णव परंपरा के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
संतों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन को धर्म, भक्ति और समाज सेवा के लिए समर्पित किया तथा उनकी आध्यात्मिक विरासत सदैव श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करती रहेगी।
महंत कौशल किशोर दास का अंतिम संस्कार बुधवार अपराह्न हरिश्चंद्र घाट पर संत समाज की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। संत परंपरा के अनुसार उन्हें जल समाधि दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में संत-महात्मा, साधु-संत, आश्रम से जुड़े अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान संतों एवं श्रद्धालुओं ने कहा कि महंत कौशल किशोर दास द्वारा स्थापित धार्मिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों तथा परंपराओं को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंत्येष्टि संस्कार में अयोध्या करतालिया आश्रम के महंत रामदास, उत्तराधिकारी महंत हरिशंकर दास, महंत महावीर दास, महंत मदन दास, महंत महान संत दास तथा महंत गोविंद दास सहित अनेक संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

